30 दिसंबर 2019 - 15:05
जल्दी ही कई अरब देश इस्राईल को मान्यता देने वाले हैं, नेतनयाहू

इस्राईल प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतनयाहू का कहना है कि इस्राईल जल्दी ही कई अरब देशों के साथ शांति समझौता करेगा और आधिकारिक रूप से रिश्ते सामान्य करेगा।

ओमान की अपनी पहली यात्रा का उल्लेख करते हुए नेतनयाहू ने कहाः आने वाले वर्षों में कुछ अरब देशों के साथ हम शांति समझौता करेंगे।

ग़ौरतलब है कि ओमान समेत अधिकांश अरब देशों और इस्राईल के बीच आज तक कूटनीतिक रिश्तें नहीं हैं, इसलिए कि यह देश इस्राईल को एक देश के रूप में मान्यता प्रदान नहीं करते हैं।

इस्राईली प्रधान मंत्री ने यह बात लिकुड पार्टी के एक कार्यक्रम में कही। इस दावे का उनका मक़सद अपनी सरकार की कूटनीतिक सफलता को दर्शाना था।

अरब और मुस्लिम देशों में केवल जॉर्डन और मिस्र दो ऐसे देश हैं, जिनके इस्राईल के साथ संबंध हैं।

हालांकि हालिया वर्षों में सऊदी अरब, बहरैन और संयुक्त अरब इमारात ने इस्राईल के साथ ख़ुफ़िया सहयोग में वृद्धि की है।

इस्राईल के विदेश मंत्री इसराइल कैट्ज़ ने पिछले साल जून में यूएई की राजधानी अबूधाबी की यात्रा की थी, जहां उन्होंने यूएई के अधिकारियों के साथ ईरान के ख़िलाफ़ सहयोग करने की बात कही थी।